. आज सी0एस0एन0 पीजी कालेज के बाबू मोहन लाल वर्मा हाल में आयोजित कालेज की वार्षिक पत्रिका सर्जना का विमोचन कालेज के प्राधिकृत नियत्रंक/ जिलाधिकारी पुलकित खरे ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। पत्रिका में पूर्ण सम्पादकीय का प्रकाशन कालेज के छात्र/छात्राओं द्वारा किये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कालेज के छात्र/छात्राओं की संपादकीय एवं लेखनी के सम्बन्ध में जानकारी हेतु पत्रिका का वितरण सभी कालेजो, कार्यालयों में भी किया जाये और पत्रिका के सम्बन्ध में जनपद एवं प्रदेश स्तर के लोगों को जानकारी हो इसके लिए पत्रिका को बाजार में भी उतारा जाये ताकि कालेज को इससे आर्थिक लाभ भी हो।
कार्यक्रम में कार्य0 प्राचार्य डा0 अनिल कुमार सिंह ने जिलाधिकारी एवं आये हुए अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि कालेज में अध्यापकों की कमी के कारण पठन-पाठन का कार्य पूर्ण रूप से नहीं हो पा रहा है, इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि उनके माध्यम से पत्र लेकर इलाहाबाद जाकर शिक्षा निदेशक से मिलकर अध्यापकों की व्यवस्था सुनिश्चित करायें। इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने कालेज के कक्षों आदि का भी निरीक्षण किया तथा कालेज परिसर में उगी झाड़ियों के सम्बन्ध में प्राचार्य को निर्देश दिये कि इसकी साफ-सफाई कराई जाये और वन विभाग के सहयोग से वृक्षारोपण करायें। विमोचन अवसर पर प्रधान संपादक डा0 दया शंकर सिंह, संपादक अंग्रेजी जितेन्द्र सिंह चैहान, हिन्दी डा0 अरूण कुमार मौर्य तथा कालेज के छात्र/छात्राओं ने भाग लिया।