कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत जनपद स्तरीय टास्कफोर्स बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी पुलकित खरे ने समिति के सदस्यों से कहा कि बेसिक विद्यालयों में निरीक्षण के समय क्लासवार बच्चों की उपस्थिति तथा मिड-डे-मील वितरण रजिस्टर से मिलान अवश्य करें । विद्यालयों में बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता, किचन-गार्डन, पेयजल, शौचालय आदि समस्त व्यवस्थाएं देखें । सभी सूचनाएं प्रेरणा ऐप के माध्यम से भेजें । बैठक में निर्धारित प्रारूप पर विद्यालय सत्यापन की रिपोर्ट प्रेषित करें और मिड डे मील की गुणवत्ता को चख कर देखें तथा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।
बैठक में जिलाधिकारी ने समिति के सदस्यों से कहा कि चयनित विद्यालयों में चल रहे आंगनबाड़ी केन्द्रों में भी बच्चों के खाने के लिए मिड-डे-मील शेड बनाये जायेंगे और इसके लिए संबंधित अधिकारी अपने क्षेत्र के विद्यालयों में आंगनबाड़ी बच्चों के खाने हेतु निर्मित होने वाले मिड-डे-मील शेड के लिए स्थान देख लें। उन्होने कहा कि संबंधित समिति के सदस्य नियमित तहसील स्तर पर एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी अपने ब्लाक में प्रतिमाह बैठक कर विद्यालयों की प्रगति से अवगत करायें। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमन्त राव ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि आपके निर्देशों के अनुपालन में प्रेरणा ऐप पर कायाकल्प एवं एमडीएम का डाटा अपलोड कराया जा रहा है और लगभग 80 प्रतिशत डाटा अपलोड किया जा चुका है । शेष डाटा शीघ्र ही अपलोड करा लिया जायेगा।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एसके रावत, जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे, जिला कार्यकम अधिकारी बुद्धि मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्ष मवार, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 विजय कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा अपर जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।