प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक के किसानों को भरोसा दिलाया है कि अगर वहां श्री येडियुरप्पा की सरकार बनी, तो सभी सिचांई परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा और सड़कों तथा गोदामों जैसे बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा। चित्रदुर्ग में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने एक परिवार की खातिर कई महान राष्ट्रीय हस्तियों को दरकिनार कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ही डॉ. आम्बेडकर को भारत रत्न प्रदान किया और उनके सम्मान में वह पांच स्मारक भी बना रही है। श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस दलितों को वोट बैंक समझती है। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च पदों पर गरीब और मामूली पृष्ठभूमि वाले लोगों के आसीन होने से कांग्रेस को बड़ी बेचैनी हो रही है।
अब कांग्रेस पार्टी को तकलीफ हो गई कि प्रधानमंत्री भी गरीब परिवार से पिछड़ी जाति से आता है। राष्ट्रपति भी गरीब परिवार से, गांवों से दलित होकर के बन गया, तो कांग्रेस पार्टी को लगा कि उनकी वोट बैंक की राजनीति को बहुत बड़ा झटका लग गया है। अब कांग्रेस पार्टी ने दलितों में भ्रम फैलाना, दलितों में झूठ फैलाना एक बहुत बड़ा अभियान चलाया हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने दलितों पर अत्याचार की रोकथाम के कानून को और मजबूत किया है। प्रधानमंत्री ने रायचूर में कर्नाटक के किसानों के दुख-तकलीफों पर अफसोस जाहिर करते हुए कहा कि अगर राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है तो श्री येदियुरप्पा सिचांई और पेयजल को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नदी तलहटी से गाद निकालने में विफल रही है और इस काम के लिए केन्द्र सरकार द्वारा दिए गए नौ सौ करोड़ रूपयों का इस्तेमाल नहीं किया गया है।
भारतीय जनता पार्टी ने निर्णय किया है कि कर्नाटक के तालाब हो कर्नाटक डेम हो बी डिसिल्टिंग करके जल संचय का बड़ा अभियान चलाया जाएगा ताकि हमारे किसान को कभी भी पानी के बिना परेशान न होना पड़े। प्रधानमंत्री ने जामकांडी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बताया कि सरकार ने गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य 11 प्रतिशत बढ़ा दिया है और किसानों के बैंक खातों में वित्तीय सहायता जमा कराई गई है लेकिन राज्य सरकार गन्ना किसानों को उचित मूल्य सुनिश्चित करने में विफल रही है। श्री मोदी ने हुबली में दिनभर की चौथी और अंतिम जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने सरकारी मशीनरी को चुस्त-दुरूस्त किया है जिससे सेवा प्रणाली में सुधार हुआ है। एनडीए की उपलब्धियों का ब्यौरा देते हुए श्री मोदी ने कहा कि 18 हजार गांव बिना बिजली के 18वीं सदी का जीवन जी रहे थे। लेकिन इनमें एक हजार दिनों के भीतर बिजली पंहुचा दी गई। इसके अलावा 20 करोड़ जनधन खाते खोले गए।