अफगानिस्तान के बागलान प्रांत में आज एक भारतीय कंपनी के छह भारतीय और एक अफगान कर्मचारी का अज्ञात हथियारबंद लोगों ने अपहरण कर लिया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार ये लोग एक वाहन में प्रांत की राजधानी पुल-ए-खोम्र के बाग-ए-शामल इलाके से गुजर रहे थे। बागलान प्रांतीय परिषद के अनुसार अपहरण की इस घटना में तालिबान का हाथ है।
भारत ने कहा है कि उसे इस घटना की जानकारी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि मंत्रालय अफगान अधिकारियों के संपर्क में है और पूरी घटना का पता लगाया जा रहा है। इस बीच, अफगानिस्तान के पूर्वी खोस्त प्रांत में आज एक मस्जिद में हुए बम विस्फोट में 12 लोग मारे गए हैं और कई घायल हो गए हैं। प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता ने बताया कि विस्फोट की जगह मतदाता पंजीकरण का काम चल रहा था। अभी तक किसी ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन तालिबान और इस्लामिक स्टेट से जुड़े स्थानीय संगठन देश में लोकतांत्रिक चुनाव का विरोध कर रहे हैं और पहले भी कई बार इस तरह के हमले कर चुके हैं।