क्षेत्र के 44.20% स्नातक एवं 72.55% शिक्षक मतदाताओं ने किया मतदान

दीपक कुमार श्रीवास्तव :

कछौना में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ स्नातक व शिक्षक एमएलसी का चुनाव ।

कछौना (हरदोई)। स्नातक और शिक्षक एमएलसी पदों के लिए चुनावी मैदान में ताल ठोंक रहे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच चुनाव संपन्न होने के साथ ही मतपेटियों में बंद हो गया। 3 दिसंबर से शुरू हुई मतगणना के संपन्न होने के उपरांत इन प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुलेगा।

मंगलवार को विकासखंड कछौना परिसर में सभी बूथों सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। स्नातक मतदाताओं के पांच बूथों पर कुल 3525 स्नातक मतदाताओं में से 1558 ने वही शिक्षक मतदाताओं के एकमात्र बूथ पर कुल 204 मतदाताओं में से 148 मतदाताओं ने मतदान किया। सुबह 10 बजे के बाद से बूथों पर मतदाताओं की घनी भीड़ के रूप में वोटिंग रफ्तार में तेजी दिखी, लेकिन शाम होते ही बूथों छिटपुट वोटर ही दिखाई दिए। लोकतंत्र के इस पर्व में नव वर-वधू, बुजुर्ग व दिव्यांगों समेत स्नातक मतदाताओं ने मतदान किया। भाजपा प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह ने भी ब्लॉक कछौना स्थित मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया।

जिलाधिकारी अविनाश कुमार व पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने मतदान के दौरान सुबह ब्लॉक परिसर में बने मतदान केंद्र पहुंचकर बूथों व कोविड हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने हेतु मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वहीं उपजिलाधिकारी संडीला मनोज कुमार श्रीवास्तव शाम लगभग साढे चार बजे मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान संपन्न होने तक मौजूद रहे। शाम पांच बजे शांतिपूर्ण और बिना किसी अव्यवस्था के मतदान समाप्त होने के बाद स्नातक और शिक्षक एमएलसी के प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया।

भाजपा प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश सिंह और निर्दलीय प्रत्याशी कांति सिंह के बीच कड़ा चुनावी संघर्ष बताया जा रहा है। इसी के चलते भाजपा से क्षेत्रीय सांसद अशोक रावत भी कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने के लिए मतदान केंद्र के बाहर लगे टेंट में मौजूद रहे। मतदान आरंभ होने से संपन्न होने तक प्रभारी निरीक्षक हंसमती के नेतृत्व में पुलिस बल मुस्तैद दिखाई दिया। देर शाम को कड़ी सुरक्षा के बीच पोलिंग पार्टियाँ रवाना हुई।