अति कुपोषित बच्चों को एनआरसी पर भर्ती कराये : पुलकित खरे

              जनपद स्तरीय पोषण समिति की बैठक विकास भवन सभागार के स्वर्ण जयंती सभागार में जिलाधिकारी पुलकित खरे की अध्यक्षता में आयोजित की गयी । बैठक में कुपोषण मुक्त के लिए तैनात सभी 58 जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि उनके द्वारा लिये गये दो दो गांवों मे सबरी संकल्प योजना के तहत कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों को चिहिंत कर 6 माह में कुपोषण मुक्त बनाना है ।
               जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी बीएचएनडी के दिन अपने गांवों में जाकर एएनएम,आशा एवं आंगनबाड़ी की जानकारी लेगें तथा गांव के पांच अति कुपोषित बच्चों को प्राथमिकता पर एनआरसी में भर्ती करायेगें । उन्होने कहा कि गांव में जाने पर कुपोषित बच्चों के परिवार वालों खास कर बच्चों की माताओं से बात करें और उन्हें उनके बच्चे को कुपोषण बचाने की जानकारी दें तथा यह भी बतायें कि एनआरसी पर बच्चे को 14 दिन के लिए भर्ती किया जायेगा और इस दौरान बच्चे का पूरा इलाज करने के साथ माता को निशुल्क भोजन एवं रू0. 100 प्रतिदिन दिया जायेगा ।
               उन्होने कहा कि अधिकारी गांव में जाने से पूर्व वहां के प्रधान,कोटेदार एवं अन्य संबंधित को जानकारी देकर जाये और प्रधान आदि की उपस्थित में गांव के कुपोषित एवं अति कुपाषित बच्चों की जानकारी हासिल करें । जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी मानवीय आधार पर इस कार्य में अपना योगदान दें ताकि अधिक से अधिक बच्चों को कुपोषण से मुक्त कराया जा सके । लाल श्रेणी के कुपोषित बच्चों की फीडिंग के संबंध में जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिये कुपोषित बच्चों की फीडिंग प्रतिमाह 90 प्रतिशत से कम नहीं होनी चाहिए । बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी पीएन चतुर्वेदी, जिला विकास अधिकारी राजितराम मिश्र, उप निदेशक कृषि आशुतोष कुमार मिश्र सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी आदि मौजूद रहे ।