माह की शुरूआत से ही ठंड पूरे जोरों पर है। घने कोहरे और हाड़ कंपाऊ सर्दी ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। बच्चे हों या बूढ़े हर कोई सर्दी से कंपकंपा उठा है। वहीं जिला प्रशासन की ओर से अभी तक शहर में ठंड से बचाव के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोग जहां-तहां ठिठुरते देखे जा सकते हैं। मंगलवार को घने कोहरे के साथ गलन भरी सर्दी ने हर किसी को कांपने पर विवश कर दिया। आलम यह था कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर यात्री जहां-तहां बैठे ठिठुर रहे थे। कोई अलाव के सहारे हाथ सेक रहा था, तो कोई गर्म कपड़ों के सहारे सर्दी से बचने का प्रयास करता दिखा।