ससुराल में चाचा के घर दो मंजिल पर एक कमरे में गर्भवती नवविवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। मायके पक्ष ने दहेज के लिए पीटकर हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।
दहेज हत्या का यह सनसनीखेज मामला हरदोई के कोतवाली देहात के नन्हे गांव का है।यहां के निवासी अर्जुन की पत्नी रुची का मायका बेनीगंज कोतवाली के पासी टोला में है। डेढ़ वर्ष पहले रुची की शादी हुई थी।सुबह रुची का शव घर में दो मंजिल पर चाचा के घर में एक कमरे में फांसी के फंदे पर लटकता मिला। रुची के भाई कमलेश का आरोप है ससुराली जनों ने दहेज के लालच में हत्या करने के बाद शव को लटका दिया।घटनास्थल पर खून व चूड़ी भी टूटी पड़ी मिली है। परिजनों का कहना है कि रुची चार माह की गर्भवती भी थी।मामले की जानकारी पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।