डीपीआरओ के निरीक्षण का क्रम लगातार जारी, एक सफाई कर्मी निलंबित

एस. बी. सिंह सेंगर –


(कछौना-हरदोई): “पढ़ेगा-बढ़ेगा कछौना” के अंतर्गत जिलाधिकारी के सख्त निर्देश के चलते अपने निरीक्षण के क्रम में शनिवार को जिला पंचायती राज अधिकारी (डीपीआरओ) ‘अनिल कुमार सिंह’ ने अपनी टीम के साथ कछौना विकासखंड के चार परिषदीय विद्यालयों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण क्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय व प्राथमिक विद्यालय गढ़ी कमालपुर का निरीक्षण करते हुए जिला पंचायती राज अधिकारी ने विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन शौचालयों की जमीनी हकीकत से रूबरू होते हुए ग्राम प्रधान को शौचालय की गुणवत्ता सुधारने का निर्देश दिया। वही विद्यालय के छात्र-छात्राओं का शैक्षिक स्तर जांचते हुए छात्रों को नियमित साफ-सफाई रखने, खाना खाने से पहले व बाद में साबुन से हाथ धोने एवं शौचालय उपयोग करने के साथ-साथ विद्यालय परिसर में लगे फूल पौधों की तारीफ की। ग्राम प्रधान को पौधों की क्यारियों की साइड वाल बनवाने का निर्देश देने के साथ ही प्रधानाध्यापक को धन्यवाद दिया। वहीं पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक मंजर हुसैन ने विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रताड़ित किए जाने का भी जिक्र किया जिस पर डीपीआरओ ने उन्हें निश्चिंत रहने का आश्वासन दिया। निरीक्षण क्रम में ही उच्च प्राथमिक विद्यालय खजोहना पहुंचने पर जिला पंचायती राज अधिकारी ने शौचालय में गंदगी का अंबार पाए जाने पर संबंधित सफाई कर्मी शैलेंद्र कुमार को फटकारते हुए लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया। प्राथमिक विद्यालय व उच्च प्राथमिक विद्यालय खजोहना के प्रधानाध्यापक क्रमशः कुसुमा देवी व सुशीला देवी से पंजीकृत बच्चों के अपेक्षा उपस्थिति में काफी अंतराल (आधे से भी कम) पाए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षण कार्य में सुधार लाने का निर्देश दिया।
ज्ञात रहे कि इससे पूर्व में भी जिला पंचायती राज अधिकारी ने अपने निरीक्षण क्रम में प्राथमिक पाठशाला हथौड़ा व प्राथमिक पाठशाला भानपुर में 2 अध्यापकों के अनुपस्थिति पाए जाने पर 1 दिन का वेतन रोकने व लापरवाह सफाई कर्मी को निलंबित करने की संतुष्टि जिला प्रशासन को भेज दी थी।
वहीं दूसरी ओर ग्राम दीननगर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता एस.बी.सिंह ने ग्राम पंचायत दीननगर में सफाईकर्मियों की घोर लापरवाही के चलते कई महीनों से साफ-सफाई ना होने, गंदगी का अंबार लगने एवं परिषदीय विद्यालयों में जीर्ण-शीर्ण शौचालय आदि के संदर्भ में पत्र सौंपा जिस पर डीपीआरओ ने सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को अग्रसारित करते हुए कार्रवाई कर अवगत कराने का आदेश दिया।
संवाददाता से विशेष बातचीत में जिला पंचायती राज अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के विशेष निर्देश पर निरीक्षण कार्यक्रम अनवरत जारी रहेगा। ग्राम पंचायत सचिवों व सफाई कर्मियों को अपने रोस्टर के हिसाब से रूकना व सफाई कार्य करना पड़ेगा। एवं किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर सीधे निलंबन की कार्यवाही की जाएगी।
इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान साथ में सहायक विकास अधिकारी(एडीओ) पंचायत दीपक कुमार श्रीवास्तव, खंड प्रेरक विमलेश वाजपेई, अभिषेक कुमार मौर्य, सफाईकर्मी प्यारेलाल आदर्श एवं प्रेम कुमार आदि मौजूद रहे।