केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इस मामले में अपने अधिकारी के. एस. राणा को निलंबित कर दिया है। इस अधिकारी के खिलाफ यह कार्रवाई परीक्षा केन्द्रों पर निगरानी व्यवस्था में लापरवाही बरतने के कारण की गई है। शिक्षा सचिव अनिल स्वरूप ने ट्वीट पर बताया कि मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। श्री जावडेकर ने इस मामले के दोषियों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई करने को कहा है। श्री स्वरूप ने बताया कि इस मामले की एक औपचारिक जांच शुरू की गई है।
सीबीएसई प्रश्न पत्र लीक मामले में गिरफ्तार तीन लोग दो दिन की पुलिस हिरासत में
प्रश्न-पत्र लीक मामले में आज भी छात्र-छात्राओं का विरोध प्रर्दशन जारी रहा। दिल्ली पुलिस की एसआईटी इस मामले की जांच कर रही है और अब तक कई छात्रों और निजी कोचिंग केंद्र चलाने वाले लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। वहीं सोशल मीडिया पर भी अफवाहों का दौर जारी है और फर्जी तरीके से अलग-अलग विषय के प्रश्न-पत्र डाले जा रहे हैं। सीबीएसई ने कहा है कि यह प्रश्न-पत्र या तो पिछले साल के हैं, या फर्जी हैं। 12वीं कक्षा के अर्थशास्त्र का पेपर लीक होने के बाद पुष्टि के बाद 25 अप्रैल को अर्थशास्त्र की परीक्षा दुबारा ली जाएगी। जबकि 10वीं के गणित विषय की परीक्षा के संबंध में अभी तक निर्णय नहीं लिया गया है। केंद्र ने कहा है कि कल से एक नई व्यवस्था लागू होगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कोई पेपर लीक न हो।