वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने हरदोई से सीतापुर जा रही कार की तलाशी में चौबीस लाख रूपये बरामद किये । कार सवार रुपयो के सम्बन्ध में कोई कागजी प्रमाण पुलिस को नहीं दे सका । पुलिस ने बरामद धनराशि को कब्जे में लेकर आयकर विभाग को सूचना भेजी ।
प्रभारी निरीक्षक बेनीगंज शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि रविवार की शाम करीब दस बजे के आसपास प्रताप नगर चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान हरदोई से सीतापुर जा रही कार को रोक कर कागजों की पड़ताल की गयी । शक होने पर वाहन की तलाशी लेने पर वाहन सवार अमित अग्रवाल निवासी कवि नगर गाजियाबाद के कब्जे चौबीस लाख रूपये के नोट मिले।
गाडी से मिले नोटों में सौ के नोटों की संख्या ज्यादा थी । जानकारी करने पर अमित अग्रवाल ने बताया कि हरदोई सीतापुर सहित कई जनपदों में कूलर आदि इलेक्ट्रिक सम्बन्धी सामान की सप्लाई दुकानदारों को करता है । दुकानदारो से वसूली का पैसा है । लाखों की नकदी का कागजी प्रमाण न दे पाने के कारण कोतवाल शैलेन्द्र सिंह ने बरामद धनराशि को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही करते हुये आयकर विभाग को सूचित किया । वहीँ अमित अग्रवाल को आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने को कहा ।