*कछौना(हरदोई):* विकासखंड कछौना की ग्राम सभा मरेउरा में ग्राम स्वराज के तहत बृहस्पतिवार को रात्रि चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि सिद्ध प्रताप मौर्य व जिला महामंत्री ने केंद्र सरकार व राज्य सरकार की योजनाओं की ग्रामीणों को जानकारी दी। योजनाओं की जमीनी स्तर पर ग्रामीणों से जानकारी ली जिसमें दिल खोलकर ग्रामीणों ने समस्याओं का जखीरा जिला महामंत्री के समक्ष रखा। जिस पर जिला महामंत्री ने बताया कि आपकी समस्याएं व सुझाव शासन-प्रशासन को अवगत करा कर शीघ्र हल कराई जायेगीं। चौपाल में ग्रामीण संदीप कुमार, सीताराम चंद्रप्रकाश, राम भजन, रामदयाल आदि ने बताया कि हमारी ग्रामसभा में सिंचाई का कोई समुचित साधन नहीं है। शारदा नहर से निकली हुई नाली पूरी तरह से बंद हो चुकी है जिससे किसानों कीं सिंचाई व फसल प्रभावित होती है। दर्जनों बार शिकायत होने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं की गई।
ग्रामीण सूबेदार, उपेंद्र कुमार ने बताया कि हमारी ग्रामसभा में 100 विद्युत कनेक्शन हैं लेकिन ट्रांसफार्मर अभी भी 25 के०वी० का रखा है जिससे लो वोल्टेज की समस्या हमेशा बनी रहती है। सेवानिवृत्त क्षेत्राधिकारी श्यामलाल निराला ने बताया कि इंडिया मार्का नल रिबोर कराने में ग्रामसभा द्वारा भ्रष्टाचार किया गया है। कम पाइप डालकर ज्यादा स्टीमेट दिखाकर धनराशि निकाल ली गई है। ज्यादातर ग्रामीणों ने ग्रामसभा में बरात घर, सामुदायिक घर, पंचायत घर बनवाने की मांग की। अधिकांश ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुनीता अस्थाना पर नियमित न आने के कारण बाल विकास परियोजना प्रभावित होती है इससे ग्रामीणों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पाता है।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रा०) के अंतर्गत ग्रामसभा की स्थिति काफी खराब है। गांव की ज्यादातर आबादी खुले में शौच जाने को विवश है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जो पूर्व सरकारों में शौचालय बनवाए गए थे, वह मानकविहीन थे व ठेकेदारी से बनाए जाने के कारण काफी गुणवत्ताविहीन तथा जर्जर थे। जो अब अनुपयोगी हैं। जिस पर ग्रामप्रधान साहब लाल ने बताया कि 222 लाभार्थियों का चयन कर लिया गया है। धनराशि आवंटित होते ही इन परिवारों को शौचालय उपलब्ध करा दिए जाएंगे। ग्रामीणों में जागरूकता की कमी के कारण शिक्षा का स्तर काफी खराब है। जिसके लिए एच०सी०एल० फाउंडेशन की टीम शिक्षा सुधार पंकज कुमार, बृजेश कुमार द्वारा काफी प्रयास किया जा रहा है। एच०सी०एल० फाउंडेशन द्वारा नौनिहाल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय परिसर में प्रोजेक्टर व खेलकूद सामग्री उपलब्ध कराई गई है। अधिकांश ग्रामीणों ने ग्राम सभा की सार्वजनिक भूमि चरागाह, खेल कूद मैदान, शमशान घाट आदि पर अवैध कब्जा हटाने की मांग की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान साहब लाल, मंडल उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश अस्थाना, उचित दर विक्रेता के पुत्र संदीप कुमार सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी कुलदीप कुमार व पूर्व प्रधान परसादी लाल, रजनीश, ओम प्रकाश, स्वच्छताग्राही देवेंद्र कुमार आदि समेत सैकड़ों पुरुष व महिलाओं ने इस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन स्वच्छताग्राही देवेंद्र कुमार द्वारा किया गया।
रिपोर्ट: पी०डी० गुप्ता