पत्रकारिता का उद्देश्य जनहित ही होना चाहिए

                     हरदोई आद्य पत्रकार देवर्षि नारद जन्म उत्सव समिति एवं विश्व संवाद केंद्र द्वारा आयोजित नारद जन्मोत्सव में आयोजित गोष्ठी में देवर्षि नारद को लोकमंगल कारक बताया गया तथा संदेश दिया गया कि लोक हित की भावना से ओतप्रोत होकर पत्रकारिता करनी चाहिए ।
                      अधिवक्ता संघ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम नारदजी व भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण किया गया तत्पश्चात मंचासीन मुख्य अतिथि श्री नरेंद्र भदौरिया, प्रांत प्रचार प्रमुख अशोक द्विवेदी, अपूर्व अवस्थी एवं प्रोफेसर अखिलेश बाजपेई को प्रचार विभाग टोली के सदस्य एवं जन्म उत्सव समिति के संयोजक के के अवस्थी, सह संयोजक ऋषि  सैनी, गोपाल द्विवेदी, आनंद गुप्ता, कुलदीप शर्मा, राजीव मिश्रा के अलावा श्रीमती सीमा मिश्रा ने अंगवस्त्र एवं नारद जी का चित्र भेंट किया।
                    आद्य पत्रकार देवर्षि नारद जन्मोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्य वक्ता नरेंद्र भदोरिया ने कहा कि नारद जी की भांति संस्कारित, राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रचिंतन, राष्ट्ररक्षक की भावना से ओतप्रोत पत्रकारिता होनी चाहिए पत्रकारिता के लिए ज्ञानार्जन एवं अध्ययन अवश्य होना चाहिए। पत्रकारिता के मानक एवं मापदंडों की विश्वसनीयता बनाए रखनी चाहिए। प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ अशोक द्विवेदी ने कहा कि नारद जी का व्यक्तित्व एवं कृतित्व लोकमंगल की भावना से ओतप्रोत है ऐसे ही गुण पत्रकारों में समावेशित रहे तो राष्ट्र का कल्याण होता रहेगा उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक धार्मिक ग्रंथ में नारद जी की विशेष भूमिका  रही अतः  पत्रकारों में भी रचनात्मक व आध्यात्मिक सोच  अवश्य होना चाहिए। विशिष्ट अतिथि अपूर्व अवस्थी ने नारद जी के आदर्शों को जीवन में उतारने को उत्प्रेरित किया।
                   अपूर्व अवस्थी ने कहां कि न्याय व जनता के अधिकारों की आवाज उठाने का काम पत्रकार करता है इसीलिए लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा गया है अध्यक्षीय संबोधन में प्रोफेसर अखिलेश बाजपेई ने कहा कि नारदजी स्वयं सिद्ध प्रथम पत्रकार है पत्रकारिता का क्षेत्र एक साधना स्थल है पत्रकारों की भी साधना नारद जी की भांति है इसलिए पत्रकार लोक हित में पत्रकारिता को गति दे। इसके पूर्व अखिलेश सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला तथा आभार राजीव मिश्र ने व्यक्त किया। कार्यक्रम समापन पर वंदे मातरम गीत की प्रस्तुति अर्चना सैनी ने दी ।
                 कार्यक्रम का सफल संचालन  महेश मिश्र ने किया समिति अध्यक्ष संजीव खरे, समाजसेवी अरुण बाजपेई, पत्रकारों में विजय पांडे, सुधांशु मिश्रा, प्रशांत पाठक, आलोक सिंह, अरुण तिवारी, राजन शुक्ला ,आनंद मिश्रा ,पंकज मिश्रा, देवेंद्र सिंह बबलू समेत तमाम पत्रकार बंधु एवं प्रबुद्धजन सम्मिलित हुए ।