प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक में पार्टी की जीत को असाधारण बताया है। आज शाम नई दिल्ली में पार्टी कार्यकताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने चुनाव के दौरान लोगों को झूठ बोलकर बहकाने की बहुत कोशिश की, लेकिन लोगों ने उन्हें माकूल जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा कि कोई यह सोच भी नहीं सकता था कि कांग्रेस अपने राजनीतिक हितों के लिए भारत के संविधान को आहत करेगी।
ये देश कर्नाटक की विकास यात्रा में कंधे से कंधा मिलाकरके साथ चलेगा। भारतीय जनता पार्टी कर्नाटक की विकास यात्रा को रौंदने नहीं देगी। ये मैं कर्नाटक की जनता को विश्वास दिलाता हूं। श्री मोदी ने कहा कि श्री अमित शाह की रणनीति और पार्टी कार्यकर्ताओं के कड़े परिश्रम के कारण भाजपा विजय पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कर्नाटक के लोगों को विश्वास दिलाया कि विकास की उनकी यात्रा में भाजपा उनके साथ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक में पार्टी की जीत से उन्हें प्रसन्नता है, लेकिन दूसरी ओर वाराणसी की दुर्घटना में लोगों की मौत से उन्हें गहरा दुख भी है। अपने संबोधन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस पार्टी ने पहली बार कर्नाटक के चुनाव में सबसे अधिक अनैतिक तरीके अपनाये। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पी एफ आई और एस डी पी आई जैसे राष्ट्र विरोधी संगठनों के साथ मिलकर काम किया। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस ने जाति के आधार पर लोगों को विभाजित करने का भी काम किया। श्री शाह ने कहा कि 2019 में भाजपा न केवल श्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनायेगी, बल्कि 2022 में न्यू इंडिया के स्वप्न को भी साकार करेगी।