उत्तर प्रदेश में वाराणसी में रेलवे स्टेशन के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर की दो बीम के गिरने से 16 लोग मारे गये हैं। हमारे संवाददाता ने प्रत्यक्षदर्शियो के हवाले से अनेक लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका व्यक्त की है।
राहत और बचाव कार्यों पर निगाह रखने के लिए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सूचना राज्य मंत्री नीलकंठ तिवारी वाराणसी पहुंच गए हैं। मुख्य मंत्री ने इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना की जांच के लिए प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त आर. पी. सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है और दुर्घटना के सभी पक्षों की जांच रिपोर्ट 48 घंटे के भीतर देने को कहा है। सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता भूपेन्द्र शर्मा और उत्तर प्रदेश जनर्लिज़म के प्रबंध निदेशक राजेश मित्तल जांच समिति के अन्य दो सदस्य हैं। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में प्रत्येक मरने वाले निकटतम परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी घोषणा की है।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा है कि वाराणसी में फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर हुई त्रासदी के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा है कि प्रशासन प्रभावित लोगों को बचाने और उनकी मदद करने का भरपूर प्रयास कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के गिरने से लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। श्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से स्थिति के बारे में बात की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार स्थिति पर नजदीकी नजर रखे हुए है और प्रभावित लोगों की मदद के लिए काम कर रही है।