आंधी-तूफान और बिजली गिरने से 53 लोगों की मौत

बिहार और उत्‍तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान आंधी-तूफान और बिजली गिरने से 53 लोगों की मौत हो गई है। पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश के कई जिले वर्षा से प्रभावित है। उन्‍नाव में बिजली की चपेट में आने से 4 व्‍यक्तियों की मृत्‍यु हुई है। चंदौली और बहराइच जिलों में 3-3, रायबरेली में 2 और मिर्जापुर, सीतापुर, अमेठी और प्रतापगढ़ में 1-1 व्‍यक्ति को जान गंवानी पड़ी है। सुल्‍तानपुर के 6 घायलों को गंभीर अवस्‍था में उपचार के लिए लखनऊ भेजा गया है। आपदा में मारे गए प्रत्‍येक व्‍यक्ति के परिजनों को चार-चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता उपलब्‍ध कराई जा रही है।

राज्‍य सरकार ने किसी भी तरह की प्राकृतिक आपदा से प्रभावित होने वाले परिवारों को तत्‍काल आर्थिक सहायता उपलब्‍ध कराने के लिए पर्याप्‍त धनराशि सभी जिलों को उपलब्‍ध कराई है। राज्‍य सरकार ने सभी जिलों में लोगों को आकाशीय बिजली के चपेट में आने से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा है इस संदर्भ में राहत आयुक्‍त ने एक पोस्‍टर भी जारी किया है।