मॉलदीव में राष्‍ट्रपति चुनाव 23 सितम्‍बर को, अब्‍दुल्ला यामीन फिर से लड़ेंगे चुनाव

मॉलदीव में राष्‍ट्रपति चुनाव 23 सितम्‍बर को कराया जायेगा। वर्तमान राष्‍ट्रपति अब्‍दुल्ला यामीन फिर से चुनाव लड़ेंगे। देश के निर्वाचन आयोग के अनुसार नामांकन पत्र 15 जुलाई से 25 जुलाई के बीच दाखिल किए जा सकेंगे। प्रमुख विपक्षी उम्‍मीदवारों में पूर्व राष्‍ट्रपति मोहम्‍मद नशीद के खिलाफ अनेक आरोप हैं और वे चुनाव लड़ने योग्‍य नहीं हैं।

 

मालदीव में चुनाव आयोग ने निष्‍पक्ष चुनाव कराने की वकालत की है लेकिन वर्तमान राजनीतिक परिस्‍थि‍तियों में चुनाव की वैधता पर सवाल खड़े होते रहेंगे। 2013 में चुनाव जीतने के बाद राष्‍ट्रपति अब्‍दुल्‍ला यामिन की सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से सभी मुख्‍य विपक्षी नेताओं को अलग-अलग मुकदमों के तहत दोषी ठहराकर चुनाव के लिए अयोग्‍य करार दिया है। फरवरी में उच्‍चतम न्‍यायालय के इन मुकदमों पर दुबारा निष्‍पक्ष सुनवाई करने के आदेश के बाद देश में आपातकाल की घोषणा कर न्‍यायालय के दो न्‍यायधीशों को हिरासत में ले लिया गया था। संयुक्‍त राष्‍ट्र मानव अधिकार परिषद ने भी पूर्व राष्‍ट्र‍पति मोहम्‍मद नासिद के विरूद्ध मुकदमों को खारिज करने की वकालत की थी लेकिन सरकार अपने फैसले पर अटल है ताकि राष्‍ट्रपति यामीन के पुर्नसत्‍ता में आने का रास्‍ता साफ रहे।