महिला हेल्पलाइन की सक्रियता ने बाल विवाह रुकवाया

कछौना (हरदोई):


कासिमपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गौसगंज में महिला हेल्पलाइन टीम व गौसगंज इंचार्ज की संयुक्त टीम ने बाल विवाह को रुकवाया। जिससे नाबालिग लड़की के जीवन को बचाया जा सका। उसका भविष्य अंधकार मय होने से बच गया। शिक्षा की कमी के चलते आज भी बाल विवाह की घटनाएं समाज में हो रहीं हैं।

बताते चलें कि थाना क्षेत्र गौसगंज के एक मोहल्ला में रामकिशोर (काल्पनिक नाम) की पुत्री रोली (काल्पनिक नाम) उम्र 15 वर्ष की मंगलवार को वैवाहिक कार्यक्रम होना था। तैयारी शुरू हो गई थी। इसी दौरान जागरुक नागरिकों ने महिला हेल्पलाइन 181 पर बाल विवाह की सूचना दी। जिस पर महिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर महिला हेल्पलाइन टीम श्रद्धा रस्तोगी, ज्योति शर्मा, महिला पुलिस टीम, गौसगंज चौकी इंचार्ज ओ०पी० सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर बाल विवाह को तत्काल रुकवाया। लड़की की उम्र मात्र 15 वर्ष की थी। वह कक्षा आठ में शिक्षा ग्रहण करती थी। महिला हेल्पलाइन टीम ने परिजनों की काउंसलिंग कर बाल विवाह से होने वाली हानियों के बारे में अवगत कराया। इससे लड़की का शारीरिक, मानसिक विकास अवरुद्ध हो जाता है। वह जिंदगी भर नाटकीय जिंदगी जीने को विवश हो जाती है। बच्चे कुपोषित होते हैं। वह बेहतर जिंदगी नहीं जी पाती है। यहां तक असमय मृत्यु की शिकार तक हो जाती है। जिस पर परिजनों ने लिखित रूप से महिला हेल्पलाइन टीम को बताया कि हम अब अपनी बिटिया की शादी बालिग होने पर ही करेंगे। इसको पढ़ाई-लिखाई कराकर बेहतर नागरिक बनाएंगे।


रिपोर्ट- पी०डी० गुप्ता