सांसद अंशुल वर्मा ने फीता काटकर संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़े का किया शुभारम्भ   

मुख्य चिकित्साधिकारी एस0के0 रावत ने बताया है कि 01 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा का शुभारम्भ किया जा रहा हैं। इस संचारी रोग नियंत्रण पखवाडे़ का शुभारम्भ मा0 सांसद अंशुल वर्मा ने जिला महिला चिकित्सालय में फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होने कहा कि संचारी रोगो तथा दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण तथा इसका त्वरित एवं सही उपचार शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसे हम विभिन्न विभागों के मध्य उचित समन्वय स्थापित करते हुए सभी के सहयोग से संचारी रोगों की रोकथाम कर सकते है। जैसे कि वातावरण एवं व्यक्तिगत स्वच्छता उपायों तथा खुले में शौच न करने तथा शुद्ध पेयजल के प्रयोग के लिए लोगो को प्रेरित करना होगा तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए खुली नालियों को ढकने की व्यवस्था, नालियों व कचरों की साफ सफाई कराना शहरी क्षेत्रों में फागिंग कराना, उथले हैण्ड पम्पों का प्रयोग रोकना और उन्हे लाल रंग से चिन्हित कर इसमें से पानी नही पीने की सलाह देना। साथ ही सड़को के किनारे उगी वनस्पतियों को नियमित रूप से  हटाया जाये।
संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार के केसेज की निगरानी रोगियों की उपचार व्यवस्था, रोगियों के निःशुल्क परिवहन हेतु रोगी वाहन सेवा की व्यवस्था दुरूस्त रखनी होगी। सूकर पशु पालकों के सूकरबाड़ों की साफ सफाई, कीटनाशक छिड़काव एवं जाली से ढकने हेतु प्रशिक्षित किया जाये। और यथा सम्भव सूकरबाड़ो को मनुष्य आबादी से दूर स्थापित किया जाये। सभी प्रकार के पशु बाड़ों की स्वच्छता, कचरा निस्तारण तथा जाली के प्रयोग हेतु पशु पालको का गहन संवेदीकरण पशु पालन विभाग द्वारा किया जायेगा। संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़े में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के द्वारा अपने क्षेत्र के समस्त कुपोषित तथा अतिकुपोषित बच्चों की सूची बनाकर उनको उचित पोषाहार उपलब्ध कराना तथा आवश्यकता  होने पर पोषण पुनर्वास केन्द्र पर सन्दर्भित करना है। इस अवसर पर एक विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया जिसमें परिवार कल्याण, क्षय रोग, एन0सी0डी0 सेल, तम्बाकू नियंत्रण, मलेरिया, फाईलेरिया व अन्य संचारी रोगो के नियंत्रण हेतु स्टॉल लगाया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आर0सी0एच0, जिला कार्यक्रम प्रबन्धक, जिला प्रशासनिक अधिकारी, प्रधान सहायक राजेन्द्र सिंह, कनिष्ठ सहायक देवेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे।