गन्ना समिति नेत्र चिकित्सालय को होने वाली आय एवं माह में कर्मचारियों आदि पर व्यय होने वाली धनराशि का विवरण उपलब्ध करायें :- जिलाधिकारी

15 दिन में कार्यालय की बेहतर साफ-सफाई कराकर फाइलों एवं अलमारियों को व्यवस्थित करायें - श्री खरे

जिलाधिकारी पुलकित खरे ने आज जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय एवं गन्ना समिति नेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला गन्ना अधिकारी जिला पंचायत की बैठक में होने के कारण मौजूद नहीं थे, जबकि दो वरिष्ठ लिपिक, चार सहायक लिपिक एवं स्टाप मौजूद मिले । बायोमैट्रिक हाजिरी देखने पर मालूम हुआ कि एक लिपिक 11:30 बजे कार्यालय आयें है । इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिये सभी अधिकारी व कर्मचारी निर्धारित समय से कार्यालय में उपस्थित हों। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने भ्रमण रजिस्टर आदि को भी देखा।

कार्यालय निरीक्षण में कुछ स्थानों पर फाइलें इधर-उधर पड़ी होने, फाइलों पर धूल जमा होने तथा आलमारियों में बेतरतीब फाइले लगी होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की तथा वरिष्ठ लिपिक को निर्देश दिये सभी स्टाफ मिलकर 15 दिन में कार्यालय की बेहतर साफ-सफाई कराकर फाइलों एवं अलमारियों को व्यवस्थित करायें। कार्यालय प्रागंण के निरीक्षण में नालियों में जमा गंदा पानी एवं झाड़ियों की सफाई के निर्देश भी जिलाधिकारी ने वरिष्ठ लिपिक को दिये। कार्यालय के कर्मचारियों के रहने वाले भवन एवं गैराज को जर्जर देख पूछने पर वरिष्ठ लिपिक ने बताया कि इन भवनों में कोई कर्मचारी नहीं रहता है।

इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने गन्ना समिति नेत्र चिकित्सालय के निरीक्षण में वहां के स्टाफ की जानकारी के साथ नेत्र चिकित्साल में प्रतिदिन आने वाले रोगियों की संख्या एवं रसीद आदि को देखा । गन्ना समिति से होने वाली आय के बारे में वरिष्ठ लिपिक से जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिये कि समिति को होने वाली आय एवं माह में कर्मचारियों आदि पर व्यय होने वाली धनराशि का विवरण उपलब्ध करायें।