कछौना(हरदोई): बालामऊ जंक्शन का शनिवार की सुबह डीआरएम ने सघन निरीक्षण किया जिसमें विद्युत व्यवस्था की बदहाल स्थिति व प्लेटफॉर्म पर गंदगी देखकर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। डीआरएम ने बताया कि यात्रियों की बेहतर सुविधाओं के लिए वे सदैव प्रयासरत हैं।
शनिवार की सुबह जनता एक्सप्रेस में लगी स्पेशल बोगी से डीआरएम बालामऊ जंक्शन स्टेशन पहुंच गए। प्लेटफॉर्म पर स्थित पानी पीने के बूथों की स्थिति काफी दयनीय मिली। पानी की टोटियाँ ज्यादा खराब मिली व बूथों पर काफी काई लगी थी जिससे मच्छर फैलने की प्रबल संभावना बनी रहती है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हमेशा प्लेटफार्म पर जलभराव बना रहता है जिसके चलते आए दिन कई यात्री चपेट में आने से चोटिल हो चुके हैं जिस पर उन्होंने तत्काल सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाकर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने का कड़ा निर्देश दिया। प्लेटफार्म नंबर 1 पर लगे सूखे पेड़ को हटवाने का निर्देश दिया तथा इसकी जगह पर नया हरा पेड़ लगवाने की बात कही। पूछताछ केंद्र पर लगे साइन बोर्ड में लाइट जलने पर विद्युत विभाग के कर्मचारियों को उसे तत्काल दुरुस्त करने को कहा। प्लेटफॉर्म पर लगे संबंधित अधिकारियों के दूरभाष नंबर के सूचना पट्ट को तत्काल बदलकर बेहतर करके लगाने का निर्देश दिया। स्टेशन प्रांगण में खाली गमलों में पेड़ न होने पर काफी नाराजगी जताई। स्टेशन के प्रवेश द्वार पर स्थित सुलभ शौचालय की दयनीय हालत देखकर उसे तत्काल सही कराने का निर्देश दिया जिससे यात्रियों को उसकी सुविधा का लाभ मिल सके। स्टेशन पर स्थित जीआरपी चौकी का निरीक्षण किया। आरपीएफ चौकी के निरीक्षण के दौरान उपनिरीक्षक ने बताया कि बंदी गृह में शौचालय न होने के कारण बंद अभियुक्तों को काफी परेशानी होती है ऐसी स्थिति में बाहर जाने पर कई बार अभियुक्तों के भागने की संभावना बनी रहती है। स्टेशन पर स्थित उद्यान में कोई पेड़ पौधे नहीं लगे थे इसमें शीघ्र पेड़ पौधे लगाने का संबंधित अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया।
इस निरीक्षण के दौरान आला अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। स्टेशन अधीक्षक को शीघ्र ही कंप्यूटर व प्रिंटर उपलब्ध कराने की बात कही। निरीक्षण के दौरान डीआरएम के साथ डी.इ.एन-2, ए.डी.ई.ई., टी.आर.डी., ए.डी.एस.टी.ई., एस.पी.एन., स्टेशन अधीक्षक शिवकुमार, टी.आई. वी.के.तिवारी, आई.डब्ल्यू. रामबली, सी.बी.एस. राजपाल सिंह, चिकित्साधिकारी डॉ०राकेश, आर.पी.एफ. इंचार्ज रामगोपाल व जी.आर.पी. इंचार्ज ब्रजेश कुमार सिंह सहित आलाधिकारियों का अमला मौजूद रहा। इसके बाद डीआरएम की पूरी टीम मोटर ट्रॉली से सण्डीला की तरफ रवाना हो गई।