मंझनपुर, कौशाम्बी। बिना मुआवजा मकान व व्यवसायिक भवन गिराए जाने की नोटिस दिए जाने पर सैनी के निवासी बेहद नाराज हैं। एनएचएआई की कार्यदाई संस्था पीएनसी द्वारा नोटिस दिए जाने के बाद नाराज सैनी के व्यापारी व ग्रामीणों ने एसडीएम सिराथू का घेराव किया। जुलूस निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे सैनी के लोगों का कहना है कि बिना मुआवजा दिए उनके मकान व व्यवसायिक प्रतिष्ठान को गिराए जाने का नोटिस देना सरासर गलत है। सरकार को पहले उनके व्यवसायिक प्रतिष्ठान व मकान को गिराने के लिए मुआवजा देना चाहिए। पूरे मामले की जानकारी होने के बाद एसडीएम ने नाराज लोगों को समझाते हुए कहा है कि वह राजस्व कर्मियों की टीम बनाकर पूरे प्रकरण की जांच करवाएंगे। यदि सड़क चौड़ीकरण के दायरे में जो मकान व व्यवसायिक प्रतिष्ठान आ रहे हैं वह वैध है तो उन्हें मुआवजा दिलाया जाएगा।
गौरतलब हो कि नेशनल हाईवे-2 का चौड़ीकरण किया जा रहा है। सड़क को फोर केन से सिक्स लें बनाने का काम चल रहा है। दो दिन पहले सड़क चौड़ीकरण करने वाली संस्था पीएनसी ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों व मकान मालिकों को नोटिस थमा कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की बात कही तो लोगों के होश उड़ गए। नोटिस पहुंचने पहुंचे पीएसी के कर्मचारियों से स्थानीय लोगों ने कहा कि बिना मुआवजा अपना मकान व व्यवसायिक प्रतिष्ठान नहीं तोड़ेंगे। जिस पर उन्हें चेतावनी दी गई कि यदि वह अपना मकान व प्रतिष्ठान नहीं तोड़ेंगे तो 15 दिन के भीतर कार्यदाई संस्था खुद कार्रवाई करते हुए भवनों व प्रतिष्ठानों को गिराने का काम शुरू करेगी। इसके बाद नाराज लोगों ने आज जुलूस निकालकर नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। दर्जनों की संख्या में सैनी कस्बा के व्यवसाई व आम लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे। सैनी कस्बा के लोगों की बात सुनने के लिए एसडीएम राजेश श्रीवास्तव उनके सामने पहुंचे। पूरे प्रकरण की जानकारी होने के बाद एसडीएम ने नाराज लोगों को आश्वस्त किया है कि वह राजस्व कर्मियों के साथ एनएचएआई की टीम बनाएंगे, जो इस बात की जांच पड़ताल करेंगे कि जिन लोगों को नोटिस थमा दी गई है उनका व्यवसायिक प्रतिष्ठान व मकान अवैध तो नहीं है। यदि वैध तरीके से व्यवसायिक प्रतिष्ठान व आवास बनाए गए हैं तो उन्हें उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। बिना मुआवजे के किसी के मकान व प्रतिष्ठान का ध्वस्तीकरण नहीं होगा। आश्वासन मिलने के बाद सैनी के व्यवसायी व आम नागरिग अपने घर वापस लौटे।
मंझनपुर, कौशाम्बी से विजय करन की रिपोर्ट