● ढोल-नगाड़ों के साथ धूमधाम से दी गई विदाई।
कछौना (हरदोई)। क्षेत्रीय वन अधिकारी कार्यालय (कछौना रेंज) में शुक्रवार को कामीपुर पौधशाला (नर्सरी) के बीट प्रभारी राजेंद्र प्रताप सिंह के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें ढोल नगाड़ों के साथ सेवानिवृत्त हुए बीट प्रभारी को धूमधाम से भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों व क्षेत्र के गण्यमान्य द्वारा राजेंद्र प्रताप सिंह को बुके, डायरी, उपहार, अंगवस्त्र इत्यादि भेंटकर माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। विदाई कार्यक्रम में कभी माहौल गमगीन हुआ तो कभी किसी के बोल से माहौल खुशनुमा हुआ। विदाई समारोह में सेवानिवृत्त हो रहे बीट प्रभारी राजेंद्र प्रताप सिंह के बारे में क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) रामचंद्र ने उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि राजेंद्र प्रताप सिंह के अथक प्रयासों व नेतृत्व में कई बेहतरीन पौधशालाएं तैयार की गयीं। 06 नवंबर 1989 को वन विभाग में नियुक्ति के बाद सेवानिवृत्त होने के बीच लगभग 32 साल की सेवा में उन्होंने क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के साथ साथ क्षेत्र को पेड़-पौधों से आच्छादित करने में तन मन धन से प्रयास किया है। उनके पर्यवेक्षण में तैयार कामीपुर पौधशाला (14 लाख पौधे) के बेहतर परिणामों के लिए वह वन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षक/विभागाध्यक्ष (लखनऊ मंडल, उत्तर प्रदेश) से प्रशंसित भी हो चुके हैं। गलत काम करने वालों, दबंगों के लिए जहां वो सख्त रवैये के लिए मशहूर थे वहीं अपने दायित्वों के प्रति बेहद ही कर्त्तव्यपरायण होने के चलते विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रशंसा के पात्र भी थे। हमारे क्षेत्र व विभाग में राजेंद्र प्रताप सिंह जैसे हिम्मती, कर्त्तव्यनिष्ठ व अपने काम के प्रति ईमानदार साथी की कमी सदैव खलेगी। अपनी 32 वर्ष की सेवा में विभिन्न उपलब्धियाँ अर्जित करने के साथ साथ वो अपने पूरे कार्यकाल में बेदाग रहे।
स्थानीय वन दारोगा सुशील कुमार ने सेवानिवृत्त हो रहे बीट प्रभारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज जहाँ एक तरफ हमारे साथी के रिटायर होने पर खुशी है वहीं दूसरी तरफ दुख भी है। विभागीय हित को सर्वोपरि रखने वाले मुझे इनके जैसे हिम्मती साथी की कमी सदैव महसूस होगी। वनरक्षक कुंवर पाल सिंह ने कहा कि हमारे साथी विभाग में अपनी सेवाअवधि पूर्ण करने के बाद आज रिटायर हो रहे हैं। इनके उत्कृष्ट कार्यों को विभाग सदैव याद करेगा। वनरक्षक हरिनाम, सुरेंद्र त्रिपाठी, रविंद्र प्रताप मिश्र, वनकर्मी राजेश चंद्र (राजू) आदि ने सेवानिवृत्त हुए बीट प्रभारी के उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना करते हुए उन्हें शुभकामना प्रेषित कीं।
सेवानिवृत्त हो रहे बीट इंचार्ज राजेंद्र सिंह ने बातचीत में बताया कि रिटायर होने के बाद भी वह विभाग को आवश्यकता पड़ने पर अपनी सेवाएं देते रहेंगे। विभाग को उनकी जब भी आवश्यकता महसूस हो, वो 24 घंटे सेवा, सहयोग हेतु तत्पर हैं। उन्होंने जाने अनजाने में अपनी किसी भी गलती के लिए सभी से क्षमा मांगते हुए अपनी सेवानिवृत्ति को यादगार बनाने के लिए क्षेत्रीय वन कार्यालय परिसर में कदम्ब का पौधा रोपित करते हुए सभी को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। वहीं क्षेत्र के गण्यमान्य व उनके सहयोगियों ने ढोल-नगाड़ों के बीच उन्हें उनके पर्यवेक्षण में तैयार पौधशालाओं के बीच ले जाकर अभिभूत कर दिया।
विदाई समारोह में अपने वरिष्ठ व कनिष्ठ साथियों का ऐसा प्यार मिला कि राजेंद्र प्रताप सिंह आखिरकार अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख पाए और वो भावुक से हो गए। विदाई समारोह के दौरान वन विभाग से अशोक कुमार, रोहित शर्मा व क्षेत्र के दर्जनों गण्यमान्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट ➖ एस.बी.सिंह सेंगऱ