कछौना (हरदोई): कछौना के प्रतिष्ठित शिक्षा संस्थान जानकी प्रसाद इण्टर कॉलेज के संस्थापक/प्रधानाचार्य व जिलाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा, भाजपा डॉ० शिवराज सिंह पटेल के 27 वर्षीय पुत्र शौर्यमन पटेल को संघ लोक सेवा आयोग (आईएएस) की परीक्षा मे 281वीं रैंक मिली है। आईएएस मे सफल होकर शौर्यमन ने जिले, नगर समेत गांव का मान-सम्मान बढ़ाया है। शौर्यमन पटेल की इस सफलता से परिजन, शुभचिंतक व क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।

शौर्यमन पटेल की प्रारंभिक शिक्षा से इंटर तक की पढ़ाई जानकी प्रसाद इंटर कॉलेज में हुई। इण्टरमीडिएट के बाद मेधावी शौर्यमन का चयन आई०आई०टी०, कानपुर मे हुआ, जहाँ से बी०टेक० की पढ़ाई की। बीटेक के बाद आईएएस के सपने को पूरा करने को अध्ययन मे लग गये। जी-तोड़ मेहनत से आखिर मुकाम को पा ही लिया। वह अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता व गुरुजनों को दे रहे हैं। शौर्यमन के अनुसार उनके माता-पिता व गुरुजन हमेशा उत्साहवर्धन करते थे।
शिवराज पटेल के घर शुभचिंतकों का ताँता लगा हुआ है। मित्रों मे युवा साथी के चयन से उत्साह है और वह इसे अपने लिये प्रेरणादायक बता रहे हैं। इस सफलता से शौर्यमन के माता-पिता व गुरुजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अपने होनहार बेटे पर डॉ० शिवराज सिंह पटेल को गर्व है।