इज़राइल में नई संसद के चुनाव के लिए मतदान

इज़राइल में नई संसद के चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। चार वर्ष से कम समय में पांचवीं बार संसद के लिए चुनाव हो रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू 2009 के बाद पहली बार चुनाव में भाग ले रहे हैं। इज़राइल के सबसे लंबे समय तक सेवाएं देने वाले प्रधानमंत्री नेतन्याहू पर भ्रष्टाचार का मुकदमा चल रहा है, लेकिन उनकी दक्षिणपंथी लिकुड पार्टी के अब भी संसद में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने की उम्मीद है। निवर्तमान मध्यमार्गी प्रधानमंत्री यायर लापिड भी मुकाबले में हैं। वर्षों के गतिरोध के बाद, मतदाताओं का आक्रोश मतदान को प्रभावित कर सकता है। इजरायल में पिछले चार चुनाव में किसी को स्पष्ट जनादेश नहीं मिला। कभी-कभी गठबंधन केवल एक वोट से भी सरकार बनाने से चूक गए हैं।