देश के कुशल विकेटरक्षक और विस्फोटक बल्लेबाज़ ऋषभ पन्त की कार दुर्घटनाग्रस्त; ऋषभ गम्भीर रूप से घायल

● आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

आक्रामक भारतीय बल्लेबाज़ और सिद्धहस्त विकेटरक्षक ऋषभ पन्त दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। उन्हें गम्भीरावस्था मे चिकित्सालय मे भरती (‘भर्ती’ अशुद्ध शब्द है।) कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति स्थिर बतायी गयी है।

हमारे ‘मुक्त मीडिया’ के विश्वस्त सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि आज (३० दिसम्बर) जब ऋषभ पन्त प्रात: ५.३० बजे के लगभग अपने वाहन मर्सडीज़ कार से दिल्ली से अपने घर रुड़की के लिए जा रहे थे तब उसी रास्ते मे उन्हें झपकी लग गयी थी, जिससे उनकी कार अनियन्त्रित होकर रुड़की के नारसन सीमा पर मौहम्मदपुर झाल के पास एक रेलिंग (डिवाइडर) से टकरा गया थी। वह टक्कर इतना भीषण था कि ऋषभ पन्त की कार मे भयंकर आग लग गयी; कार धू-धूकर जलती रही। पन्त ने कार से कूदकर अपनी जान बचायी थी। ऋषभ पन्त स्वयं वाहन-चालन कर रहे थे। ग़नीमत थी कि वे ‘सीट-बेल्ट’ नहीं पहने थे, अन्यथा भभकती आग के शिकार हो जाते। यही कारण था कि वे बाल-बाल बचे हैं।

बताया जाता है कि ऋषभ के सिर, पैर, पीठ तथा कन्धे मे गम्भीर चोट लगी है। उन्हें रुड़की से देहरादून के ‘मैक्स हॉस्पिटल’ ले जाया गया है, जहाँ उनका यथोचित उपचार किया जा रहा है। पन्त का उपचार कर रहे चिकित्सकों ने उन्हें ख़तरे से बाहर बताया है।

हमारा ‘मुक्त मीडिया’ अपने प्रतिभावान् खिलाड़ी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है।

(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; ३० दिसम्बर, २०२२ ईसवी।)