रोडवेज बस व ट्रैक्टर की भिड़ंत में एक की मौत व एक गंभीर रूप से घायल

राहुल मिश्र, बघौली –

हरदोई थाना क्षेत्र बघौली के अंतर्गत लखनऊ हरदोई राजमार्ग पर गोपी पुरवा गांव के पास रोडवेज बस और ट्रैक्टर की टक्कर में एक युवक की मौके पर मृत्यु हो गई व एक गंभीर रूप से घायल हुआ । जिसे उपचार के लिये जिला चिकित्सालय भेजा गया ।

प्राप्त विवरण के अनुसार अपराह्न 2:00 बजे थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरुआदाह मजरा खजुरमई निवासी शिशुपाल पुत्र महेंद्र अपने ट्रैक्टर से जा रहा था । वहीं खजुरमई निवासी मंजेश पुत्र सोनेलाल अपनी मौसी के लड़के को भेजने तिराहे तक आया था । जिसे भेजने के बाद वह ट्रैक्टर पर सवार होकर हरदोई की ओर जा रहा था । इसी बीच गोपी पुरवा गांव के पास हरदोई की तरफ से आ रही हरदोई डिपो की रोडवेज बस यूपी 77 एन 2052 से ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई । इस भिड़ंत में मंजेश की मौके पर ही मृत्यु हो गई और शिशुपाल गंभीर रूप से घायल हो गया । क्षेत्राधिकारी बघौली अखिलेश राजन, थानाध्यक्ष बघौली फूलचंद सरोज, चौकी इंचार्ज बघौली भावना भरद्वाज व अन्य पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुँचे और पंचायतनामा भरवा कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय हरदोई भेज दिया । घायल को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय भेजा गया है, जहां पर उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है ।