निकाय चुनाव के मद्देनजर 400 से ऊपर हिस्ट्रीशीटर पुलिस-राडार पर

हरदोई– निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस ने मुस्तैद है। मार्ग अवरोधकों/जाँचस्थलों पर वाहनों की जांच की जा रही है। साथ ही जो लोग अशांति फैला सकते हैं उनके ऊपर कार्रवाई की जा रही है।

एसपी हरदोई ने बताया कि निकाय क्षेत्र के रहने वाले ऐसे लोगों को पुलिस ने चिह्नित किया है जो अशांति फैला सकते हैं। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस की तैयारियों की रोजाना समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों से शांति भंग होने की आशंका है उन पर तो पुलिस ने कार्रवाई की ही है, साथ ही निकाय क्षेत्रों के 400 से ऊपर हिस्ट्रीशीटर भी पुलिस-राडार पर हैं और उनकी निगहबानी की जा रही है। पुलिस उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। एसपी ने बताया कि निकाय चुनाव के मद्देनजर 5 इनामिया भी गिरफ्तार हो चुके हैं और जिले में 11 अपराधियों को जिला बदर किया गया है। इसके साथ ही 40 लोग एनबीडब्ल्यू में जेल भेजे गए हैं, 20 पर गुंडाएक्ट लगा है और पूर्व के निकाय चुनाव में गड़बड़ी करने वाले 35 लोग इस बार भी पाबंद किये गए हैं। निकाय चुनाव को लेकर 5500 से अधिक लोग पर 107/116 की कार्रवाई की गई है और 20 लोग को अवैध असलहे और 127 को अवैध शराब सहित पकड़ा गया है। निकाय चुनाव को लेकर 3000 लीटर अवैध शराब भी पकड़ी गई है। 12 भट्ठियां नष्ट कराई गईं हैं। 3228 असलहे जमा कराए गए हैं। एसपी ने बताया कि शहरों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात हैं, जो निगरानी कर रहे हैं।