कछौना, हरदोई। राष्ट्रीय जल मिशन के तहत विकास खण्ड कछौना के अधिकांश ग्राम सभाओं में पानी की टंकी व जल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाई जा रही है। कार्यकारी संस्था व ठेकेदारों द्वारा मनमाने तरीके से कार्य कराया जा रहा है। पाइप लाइन बिछाने के नाम पर आरसीसी सड़कों, इंटरलॉकिंग, खडंजा निर्माण को ध्वस्त कर दिया है। जिसका खामियाजा आम जनमानस को उठाना पड़ रहा है।
राष्ट्रीय जल मिशन के तहत प्रथम, द्वितीय, तृतीय फेज का कार्य चल रहा है। विकासखंड कछौना के दर्जनों ग्रामीणों को आच्छादित किया गया है। फेज द्वतीय के तहत महमदपुर धटिंगड़ा, मुसलमानाबाद, पुरवा, त्यौरी मतुआ, बिलौनी सहदिन, बघौड़ा, बरवा सरसण्ड, गाजू, गौहानी, कलौली, कमालपुर, खाजोहना, महरी, मरेउरा, समसपुर, टिकारी आदि ग्रामों में कार्य प्रगति पर है। करोड़ों रुपए की धनराशि से कार्यदाई संस्था मेसर्स एनसीसी लिमिटेड हैदराबाद द्वारा कराया जा रहा है।
सरकार की मंशा है आम जनमानस को शुद्ध जल मिले। हर घर नल के तहत सरकार कार्य कर रही है। शुद्ध पानी मिलने से बीमारियों में कमी आएगी, अशुद्ध पानी से होने वाली बीमारियों से लोगों को निजात मिलेगी। कार्यदाई संस्था द्वारा कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है। तय समय में विभागीय अधिकारी कार्य में रुचि नहीं लेते हैं। हर घर को नल से जोड़ना सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पर विभागीय अधिकारी पलीता लगा रहे हैं। बरसात के समय ग्रामीणों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो जाएगा। सड़कों को खोद डालने के कारण आवागमन दुष्कर है, ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता