हरदोई– पुलिस ने ऑपरेशन ऑल आउट के तहत चोरी की घटना का खुलासा किया है। जिसमें पुलिस ने तीन शातिर चोरों को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार किया है। यह आरोपित गिरोह बनाकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। जिन्होंने 10 दिन पहले मोबाइल फोन और सिलाई की दुकान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
बताते चले कि बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी विमलेश टोडरपुर में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की दुकान रखे हुए है। जिनकी दुकान से 20 जुलाई को अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। साथ ही एक सिलाई की दुकान से कपड़े आदि चोरी कर लिए। जिसकी शिकायत पर पुलिस ने जांच कर मामला दर्ज किया और खुलासे के लिए टीमें लगाई गई।
इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि शाहाबाद मार्ग पर टोडरपुर तिराहे के आगे तीन लोग खड़े है। जिनको पुलिस ने भूसा भरी दुकान के सामने से घेराबंदी कर पकड़ लिया और पास में खड़ी एक बाइक पर दो बोरे रखे थे। जिनसे पुलिस ने पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि 20 जुलाई की रात तीनों ने टोडरपुर स्थित एक दुकान से मोबाइल व अन्य उपकरण और पास में ही टेलर की दुकान से कपड़े चोरी किए थे। जिनको उन्होंने इसी भूसे की दुकान में छिपाया था और आज मौका पाकर बेचने की फिराक में थे। तभी पुलिस ने उनको घेराबंदी कर पकड़ लिया। उन्होंने पूछताछ में अपना नाम सचिन पुत्र हरिश्चंद्र, सुरेंद्र पुत्र रामस्वरूप, शिवम पुत्र दीनदयाल सर्व निवासी सैदापुर बेहटा गोकुल बताया है। जिनके पास पुलिस ने 21 मोबाइल फोन, 75 चार्जर, 25 एलईडी बल्ब, 18 स्पीकर, बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान प्रेस, पंखा, मोटर किट, तार, हेडफोन, टॉर्च, 2 तमंचे 315 बोर मय 3 जिंदा कारतूस और दो जोड़ी कपड़े बरामद किए है।