Breaking News

आरडीएसओ कॉलोनी में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुई डांडिया-गरबा नाइट

लखनऊ : रेलवे अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (RDSO), लखनऊ की कॉलोनी स्थित सीएमएस पार्क में 18 अक्टूबर 2026 को अन्नपूर्णा ग्रुप के तत्वावधान में भव्य डांडिया-गरबा नाइट एवं भजन संध्या का आयोजन हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में आरडीएसओ कॉलोनी के लगभग 200 महिला, पुरुष एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ दुर्गा की आराधना एवं भजन संध्या से हुआ। इसके पश्चात कीर्तन के माध्यम से भक्तों ने माँ दुर्गा का गुणगान किया तथा परिवार, समाज और राष्ट्र में शांति, सुख-समृद्धि एवं निरंतर प्रगति की कामना की। भक्तिमय भजनों और कीर्तन से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा एवं श्रद्धा से सराबोर हो उठा।

भजन संध्या एवं कीर्तन के उपरांत पारंपरिक डांडिया और गरबा नृत्य का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने संगीत की मधुर धुनों पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की सामूहिक भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। इस आयोजन ने भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामुदायिक एकता की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का आयोजन अन्नपूर्णा ग्रुप के नेतृत्व में किया गया, जिसमें श्रीमती अनुपमा, शालिनी, रुचि, सोमा, गुंजन, शिखा, प्रिया, संगीता एवं मीनू ने प्रमुख भूमिका निभाई। आयोजक समूह के सदस्यों के सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य धार्मिक आस्था को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ आरडीएसओ कॉलोनी के निवासियों के बीच आपसी सौहार्द, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम का समापन माँ दुर्गा से सभी के सुख, शांति, स्वास्थ्य, समृद्धि एवं देश की निरंतर उन्नति की प्रार्थना के साथ हुआ।