एक बार फिर रिश्ते का खून हुआ है। एक भाई को उसके ही अपने भाई व उसके भतीजों ने महज पेप्सी कम लाने की बात पर इतना पीटा कि इलाज को ले जाते समय उसकी मौत हो गयी। हालांकि मामले में पुलिस ने पहले जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की थी और अब मामले में कार्रवाई की बात कही जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
रिश्तों के कत्ल का यह मामला कोतवाली शाहाबाद इलाके का है। यहां के अल्लापुर सैदीखेल में एक व्यक्ति को घर के बाहर बुला कर उसके ही भाई व भतीजों ने उसे लाठी डंडे से जमकर पीट दिया। बेहोशी की हालत में उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां से लखनऊ इलाज को ले जाते उसकी मौत हो गयी। हालांकि पुलिस ने घटना की रिपोर्ट धारा 308 के तहत दर्ज कर कार्यवाही शुरु कर दी थी लेकिन अब मामले में नई कार्रवाई शुरू की जाएगी।
मोहल्ला अल्लाहपुर सैदी खेल निवासी वेदप्रकाश 40 की पुत्री की 29 अप्रैल को शादी थी। इस शादी में बारातियों व जनातियों के स्वागत के लिए पेप्सी मंगाई गई थी। पेप्सी कम पड़ गयी जिसको लेकर वेदप्रकाश ने अपने भाई छोटे व भतीजों लालू ,सुनील व मायाप्रकाश से पूछा तो विवाद होने लगा।
कुछ देर बाद जब वह घर के अंदर चला गया तो बताया जाता है कि सभी आये और उसको घर से बाहर आने को कहा जैसे ही वेदप्रकाश घर के बाहर आए तो उक्त लोगों ने लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। अधिक चोटों के चलते वह बेहोश हो गए। वहां मौजूद लोग उन्हें सीएचसी ले गए। डॉक्टरों ने गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां से उसे लखनऊ भेजा गया जहां ले जाते समय उसकी मौत हो गयी। घटना के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी अनीता की तहरीर पर लालू,सुनील व मायाप्रकाश आदि पर धारा 308 के तहत रिपोर्ट दर्ज की थी। एएसपी निधि सोनकर ने बताया कि अब मामले में अन्य कार्यवाई की बात पुलिस कर रही है।