झोलाछाप डाक्टरों का आतंक : इलाज से दुधमुंहे बच्चे की मौत

अतरौली (हरदोई)- अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम राममदारपुर मे झोलाछाप डाक्टर के इलाज से एक दुधमुंहे बच्चे की मौत हो गयी। दुधमुंहे के बाबा श्रीराम ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
राममदारपुर निवासी श्रीराम ने बताया कि जनपद सीतापुर थाना संदना के ग्राम तेरवा निवासी सोनू नाम का आदमी करीब दो वर्षों से उसके गांव मे प्राइवेट दवाखाना चलाता है। बिना डिग्री डिप्लोमा के झोलाछाप डाक्टर बनकर दवा इलाज करता है। उसकी बहू रानी पत्नी सुनील के दो वर्षीय दुधमुंहे बच्चे आदित्य को बुधवार की शाम बुखार आ गया। बहू रानी गांव में दवाखाना पर दिखाने ले गयी। श्रीराम का आरोप है कि दवाखाना पर मौजूद अपने को डाक्टर बताते हुए सोनू ने बच्चे को बुखार की जगह दस्त की दवा दे दी जिससे बच्चे की टट्टी और पेशाब दोनों बन्द हो गयी। दवा देकर बच्चे को घर भेज दिया। श्रीराम का कहना है कि दी गयी दवाई से बच्चे की हालत और ज्यादा बिगड़ती गयी जिससे करीब 12 घंटे बाद गुरुवार की भोर दुधमुंहे बच्चे आदित्य की मौत हो गयी। घर मे कोहराम मच गया। रानी के दो पुत्रियां और दो पुत्र थे। इंस्पेक्टर दीना नाथ मिश्र ने बताया कि जांच चल रही है कार्रवाई की जायेगी।