–युवती के परिजनों ने बीमारी से बताई मौत ।
-एसपी के आदेश के बाद युवती के शव को पुलिस ने कब्जे में लिया ।
-जीआरपी ने युवक के शव को कब्जे में लेकर कराया पीएम ।
कछौना (हरदोई)- कोतवाली क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गयी तो कुछ देर बाद एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। दोनों की मौत के बाद गांव में दोनों के प्रेम प्रसंग की चर्चा शुरू हुई तो एसपी के आदेश के बाद युवती के शव को कछौना पुलिस ने जबकि युवक के शव को जीआरपी ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
कछौना थाना क्षेत्र के गांव समोधा निवासी मोहम्मद शकील की 18 पुत्री शम्मो की रविवार देर रात संदिग्ध अवस्था में मौत हो गयी। हालांकि जब युवती की हालत बिगड़ी थी तो रात को ही गांव के एक झोलाछाप डाक्टर ने उपचार शुरू किया लेकिन बचाने में असमर्थ रहे और युवती की मौत हो गयी। एसपी के आदेश के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बताते हैं कि युवती की मौत के कुछ देर बाद ही दलेलनगर रेलवे स्टेशन के पश्चिम तरफ अज्ञात ट्रेन के आगे छलांग लगाकर गांव के ही शिशुपाल 20 पुत्र नरायन ने आत्म हत्या कर ली। मृतक के पिता ने बताया कि उसके चार पुत्र हैं । घर पर जगह कम है इसलिये खेतो में फूस का छप्पर डालकर पत्नी व दो बेटों के साथ वहीं रहता है। रात में वह खेत पर सोने नही आया तो उसे चिंता हुई। इसलिए रविवार सुबह चार बजे घर आकर देखा तो वह भी नहीं मिला। इसी बीच शौच गए ग्रामीणों ने एक शव पड़ा देखा तो भीड़ जमा हो गयी। लोगों ने कपड़ो को देखकर शिशुपाल के रूप में उसकी पहचान की। सूचना पाकर बालामऊ रेलवे पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिये भेजा है। गांव वालों के अनुसार दोनों का आपस मे प्रेम प्रसंग काफी दिनों से चल रहा था जिसकी जानकारी दोनों परिवारों को थी बताया जाता है कि युवती की शादी घर वालो ने दूसरी जगह तय कर दी जबकि दोनों आपस मे शादी करना चाहते थे। इसीलिए दोनों ने मौत चुनी। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।