हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक वृद्ध महिला का बक्से के अंदर जला शव मिला जिसका परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिये अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि पुलिस मामले को आत्महत्या बता रही है लेकिन यह किसी के गले नहीं उतर रहा है । खुद को बक्से में बंद करके आत्महत्या किये जाने की बात प्रथम दृष्टया विश्वास करने योग्य नहीं लगती । पुलिस का कहना है कि वृद्ध महिला चिड़चिड़ी थी और पारिवारिक कलह के चलते उस ने आग लगाकर आत्महत्या की है।
मामला हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम दहिगवां का है जहां की रहने वाली रामकली उम्र 75 ने आत्मदाह कर लिया । वह पुत्रों व बहुओं से अलग रहती थी । उसका शव उसके ही घर के कमरे में बक्से के अंदर जला पाया गया। मामले की जानकारी पड़ोसियों ने उसके बेटे व अन्य परिजनों के साथ पुलिस को दी। हालांकि एसओ सुरसा का कहना है कि जब तक पुलिस पहुंचती तब तक परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया था।
वही एसपी विपिन कुमार मिश्र का कहना है कि महिला अपने लड़के और बहू से अक्सर परेशान रहती थी जिसके चलते रामकली ने ये कदम उठाया। पुलिस की मानें तो रामकली रात घर पर अकेली थी और रात लगभग दस बजे एक बक्से में बैठ कर आग लगा ली । इसके बाद रामकली की मौके पर ही जलकर मौत हो गयी । आसपास के ग्रमीणों को जब इसकी भनक लगी तो मौके पर जाकर देखा तो महिला पूरी तरह जल चुकी थी।