हरदोई: देहात कोतवाली क्षेत्र में खेत पर ट्यूबवेल चलाते समय करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।
ग्राम कुर्रिया निवासी रमेश गुप्ता (55) पुत्र गिरवर सहाय खेतीबाड़ी का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि उनके तीन बेटे विवेक, विशाल, कुशाल और एक बेटी अविता है। गुरुवार की शाम को रमेश घर से खेत पर सिंचाई करने के लिए गए थे। जहां पर ट्यूबवेल चलाते समय उन्हें करंट लग गया, जिससे उनकी मौत हो गई। काफी देर तक जब वह वापस नहीं आए तो परिजन उन्हें देखने के लिए खेत पर गए, जहां पर ट्यूबवेल के पास वह पड़े मिले। परिजन उन्हें लेकर घर आए और देखा कि उनकी मौत हो चुकी है। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।