कर्ज से परेशान किसान ने फांसी लगाकर दी जान

  • 2007 में पिता ने लिया था बैंक से 80 हजार रुपये कर्ज 
  • 2009 में पिता की मौत के बाद कर्ज बढ़ता चला गया
  • पाली थाना क्षेत्र के ग्राम पांडेयपुर का मामला

            हरदोई: पाली थाना क्षेत्र में एक किसान ने बैंक के कर्ज से परेशान होकर घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
            ग्राम पांडेयपुर निवासी राजेश (30) पुत्र शिवनाथ खेतीबाड़ी का काम करते थे। बड़े भाई शेरबहादुर ने बताया कि राजेश छह भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनकी तीन बेटी उर्मी, प्राची और पायल हैं। उन्होंने बताया कि 2007 में पिता ने रूपापुर में स्थिति बैंक आफ इंडिया से केसीसी पर 80 हजार रुपये का कर्ज लिया था। जिसे पिता अदा नहीं कर सके और 2009 में उनकी मौत के बाद से वह लगातार बढ़ता ही जा रहा था। जिसको लेकर घर में सभी लोग परेशान थे। राजेश इसी बात को लेकर अधिक परेशान था कि खेती से घर का खर्च नहीं चल पा रहा है तो बैंक का कर्ज कैसे अदा होगा। उन्होंने बताया कि इसी कारण राजेश ने गुरुवार शाम को घर के अंदर साड़ी से फांसी लगाकर जान दे दी। पति को फंदे पर लटकता देखकर पत्नी प्रभा ने शोर मचाना शुरू किया। शोरगुल सुनकर परिवार के सभी लोग एकत्र हो गए और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।