बघौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक अभियुक्त को एक देसी तमंचा व दो कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक बृजेश सिंह अपने हमराही सिपाहियों सनी, सोहेल, प्रवेश कुमार, के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, उसी समय उन्हें सुबह 5:40 पर मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि एक व्यक्ति कमोलिया रेलवे क्रॉसिंग पर संदिग्ध अवस्था में खड़ा है । मुखबिर द्वारा सूचना पाकर उप निरीक्षक बृजेश सिंह अपने हमराही सिपाहियों के साथ तत्काल कमोलिया रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचे जहां उन्हें एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया । पुलिस को आता हुआ देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा । उपनिरीक्षक बृजेश सिंह ने अपने हमराही सिपाहियों के साथ उसे दौड़ाकर पकड़ लिया । पुलिस द्वारा उसकी तलाशी लिए जाने पर उसके पास से एक देसी तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए ।
उप निरीक्षक बृजेश सिंह के द्वारा उसका नाम और पता पूछने पर उसने अपना नाम पिंटू पुत्र रामऔवतार निवासी संतरी खुर्द थाना बघौली बताया । पुलिस ने गिरफ्तार किए गए अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करके उसे जेल भेज दिया है ।