हरदोई- सुरसा थाना क्षेत्र में पापुलर के पेड़ में गमछे से एक वृद्ध का शव लटकता मिला। परिजनों ने घटना के कारण से अनभिज्ञता जताई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
ग्राम हुसियापुर निवासी साधू (58) पुत्र खुर्रम खेतीबाड़ी का काम करते थे। पुत्र मुन्ना के अनुसार उनके पिता तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर थे। मंगलवार की रात में पिता खाना खा कर घर के बाहर सो गए। देर रात जब उनकी मां छोटका घर के बाहर आईं तो वह गायब थे। इस बात की जानकारी उन्होंने अपने बेटों को दी। जानकारी मिलते ही सभी उन्हें खोजने के लिए निकले। गांव निवासी रामू के खेतों में खड़े पापुलर के पेड़ में उनका शव गमछे से लटकता मिला। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। वहीं परिजन घटना का कारण नहीं बता सके। सुरसा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।