हरपालपुर- कस्बे में स्थित बालाजी हॉस्पिटल में बीती रात अज्ञात चोरों ने 20000 की नकदी व चार मोबाइल सेट चोरी कर फरार हो गए। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से एक चोर की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के कस्बा हरपालपुर में डॉ आर के वर्मा का बालाजी हॉस्पिटल है।अस्पताल में लैब टेक्नीशियन अंकित अवस्थी रात में अस्पताल में ही डयूटी पर रहता है। बकौल अंकित बीती रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोरों ने जीने के रास्ते अस्पताल मे घुसकर सेफ में रखी 20,000 की नकदी व चार मोबाइल सेट चोरी कर फरार हो गए।सुबह घटना की जानकारी होने पर अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से कस्बा निवासी चोर हारून सिददीकी की शिनाख्त होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।अस्पताल कर्मी अंकित अवस्थी की ओर से थाने में चोरी की तहरीर दी गई है। कोतवाल बृजेंद्र नाथ शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच कर कार्यवाही की जा रही है।