मल्लावां (हरदोई)– नगर के मोहल्ला बंदीपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की आग से जलने से मौत हो गई । घटना की जानकारी पर परिजनों में हड़कम्प मच गया । वहीं मृतका के भाई की तहरीर पर पति सहित पांच लोगो पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
नगर के मोहल्ला बंदीपुर निवासी अनिल राठौर की 30 वर्षीय पत्नी मीरा देवी शाम को घर पर थी । पड़ोस में रावण का पुतला जलाया जा रहा था । परिजन सभी वहीं थे । इसी दौरान मीरा देवी घर में आग से जल गयी । परिजन मीरा को मल्लावां स्वास्थ्य केंद्र लाए जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया । बताया जाता है कि जली हुई महिला के शरीर से मिट्टी के तेल की बू आ रही थी । मृतक के दो पुत्री शिवांशी तीन वर्ष, रिया एक वर्ष है । आग से जलने का कारण साफ नही हुआ है । घटना की जानकारी पर एसएसआई धर्मेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की और शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। वहीं मृतका के भाई अशोक कुमार निवासी मदारनगर बांगरमऊ उन्नाव ने दहेज के लिये बहन को पति अनिल, जेठ सुनील व पत्नी, देवर सुशील, सास ने मिट्टी का तेल डाल कर आग लगा कर मार डालने का आरोप लगाते हुए पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।