थाना माधौगंज निवासी युवक की 17 अप्रैल की रात संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई । परिवारीजनों ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने जहरीली शराब पिला कर युवक की हत्या कर दी है । मृतक के बड़े भाई ने कोतवाली में गांव के 4 युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है जिसमें पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार भी कर लिया है । पुलिस पोस्टमार्टम की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है । उसके बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
कोतवाली माधौगंज के सेलापुर पुर गांव निवासी पुनीत द्विवेदी 22 पुत्र श्याम बिहारी द्विवेदी 17 तारीख की रात घर लगभग 11:00 बजे नशे की हालत में पहुंचे और अपने कमरे में लेट कर सो गए । 12:00 बजे के लगभग उसकी हालत बिगड़ गयी । ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते तब तक युवक की मौत हो गई । बड़े भाई विनीत ने गांव निवासी युवक अनिल, अवधेश, पंकज तथा छोटू पर जहरीली शराब पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है तथा कोतवाली में तहरीर दर्ज कराई । इस पर माधौगंज पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार भी किया है तथा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है । इधर जानकारी के मुताबिक मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था । बड़ा भाई विनीत, दूसरे नंबर पर सुनीत परिवार में मौजूद हैं । बड़े भाई ने जानकारी देते हुए बताया कि शराब पीने का आदी हो चुका था जिससे गांव निवासी दोस्तों ने ही किसी पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया है । मृतक गांव में ही घर पर खेती बाड़ी का काम देखता था।