सड़क किनारे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

                   घर से बाल कटवाने की बात कहकर निकला युवक घूमकर घर तो नही पहुंचा लेकिन उसकी मौत की खबर घर जरूर पहुंच गई।युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला परिजनों ने हत्या के बाद शव फेंके जाने की आशंका जताई है।युवक पुलिस का दरोगा बनने का सपना लिए कोचिंग कर रहा था।परिजनों में कोहराम मचा है।
                 मामला हरदोई की कोतवाली शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला महुआ टोला का है।यहां एक युवक का शव सड़क किनारे पड़ा देखा गया तो सनसनी फैल गयी।मामले की जानकारी पाकर लोगों की भीड़ जुट गई तो सूचना पुलिस को दी गयी।सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
              युवक की पहचान इसी कस्बे के मोहल्ला दिलवावरपुर निवासी राम सहाय के 25 वर्षीय पुत्र अरुण गौतम के रूप में हुई।परिजनों ने बताया कि वह घर से बाल कटवाने के लिए निकला था।अरुण पुलिस विभाग में दरोगा बनने का सपना संजोए था जिसके लिए मेहनत करके हरदोई में एक कोचिंग में पढ़ाई कर रहा था।परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है लेकिन हत्या क्यों की गई अभी इस बारे में वह कुछ भी बोलने से बचते नजर आए।परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शव पीएम को भेजा।