कोतवाली बिलग्राम शहर में शातिर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है । चोरों ने थाने से चंद कदम की दूरी पर सर्राफा व्यापारी की दो दुकानों की छत काटकर करीब ढाई करोड़ की कीमत के सोने और चांदी के गहने चोरी कर लिए । इस घटना की पुलिस को भनक तक न लगी । सुबह जब व्यापारी ने अपनी दुकानें खोलीं तो घटना का पता चला । इस वारदात के बाद सर्राफा व्यापारियों में खासी नाराजगी है । यह सर्राफा व कपड़े की करीब 100 साल पुरानी दूकान है । दुकान में छत काटकर चोर दाखिल हुए और करीब दो लाख की नगदी समेत सोने चांदी के जेवर उड़ा ले गए । मामले की जानकारी पाकर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने जगह खंगाली । वहीं एसपी विपिन कुमार मिश्र व एएसपी ज्ञानंजय सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शीघ्र खुलासे की बात कही । यहां हैरतअंगेज बात यह रही कि चोरों ने दोनों दुकानों की छत काट डाली, लेकिन चंद कदम दूर थाने में बैठी पुलिस को भनक तक न लगी ।
मामला हारदोई के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र का है । घटना कस्बे की प्राचीन सदर बाजार क्षेत्र की है । देर रात चोरों ने कपूर ज्वैलर्स व किशन नारायन विश्वम्भर नाथ की कपड़े की दो बड़ी दुकानों की छत काट दी । इसके बाद चोरों ने दुकान में रखे सोने और चांदी के लगभग ढाई करोड़ के कीमत के गहने और दुकान में रखे करीब दो लाख नगद चोरी कर लिये । सर्राफा व्यापारी की माने तो घटना को बेहद इत्मिनान से अंजाम दिया गया है । चोर कई घंटे तक चोरी की घटना को अंजाम देते रहे । पास में ही कोतवाली की पुलिस सोती रही । व्यापारी का कहना है कि इससे पहले भी चोर वारदातों को अंजाम दे चुके हैं, लेकिन पुलिस उसका आज तक खुलासा नहीं कर पायी है । चोरी के घटना के बाद से सर्राफा व्यापारियों में खासी नाराजगी है ।
सुबह जानकारी तब हुई जब दूकान में काम करने वाला युवक दूकान पहुंचा और शटर खोला तो हैरान रह गया । दुकान खाली थी और छत कटी हुई । थाने के करीब हुई चोरी से पुलिस भी सकते में है । जानकारी पाकर सीओ, एएसपी और एसपी मौके पर पहुंचे । घटना के बाद मौके पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीमों ने छानबीन की । एएसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है । मुकदमा लिख लिया गया है और जांच की जा रही है । जल्द ही खुलासा किया जाएगा।