यूपी के हरदोई जिले में एक थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मियों पर एक महिला ने छेड़छाड़ और लूटपाट का केस न्यायालय की शरण में जाकर दर्ज करवाया है। इन सभी पर घर में घुसकर महिला से अश्लीलता करने, मोबाईल और नगदी लूटने का आरोप है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों जिले के एक थाना के तत्कालीन इंस्पेक्टर सियाराम सरोज, दरोगा नसीर अहमद, विनोद कुमार, सिपाही श्रीपाल, पुष्पेंद्र कुमार, मनोज शुक्ल, राकेश पटेल ने एक महिला के घर में जाकर तोड़फोड़ की थी।महिला ने इसकी शिकायत की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।इसके बाद महिला ने न्यायालय की शरण ली।न्यायालय के आदेश के बाद इन सभी पर लूटपाट व छेड़छाड़ की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज की गई है।महिला का आरोप है कि इन सभी पुलिसकर्मियों ने 21मार्च 2016 को उसके घर में घुसकर तोड़फोड़ कर नगदी, मोबाइल लूट लिया था।इतना ही नहीं वर्दीधारियों ने उसके साथ अश्लीलता भी की थी।और बिना किसी सक्षम अधिकारी के घर मे तलाशी ली थी।आरोप है कि इन पुलिस वालों ने उसके घर का दरवाजा भी तोड़ा और फिर पड़ोसी के घर से सीढ़ी लाकर घर मे घुसे थे।कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन जब कोई सुनवाई नही हुई तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।एएसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है और पूरे मामले की पड़ताल शुरू हो गई है।