रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 02 जुलाई, 2022 को तेलंगाना में भारत डायनैमिक्स लिमिटेड (बीडीएल) की भानुर इकाई का दौरा किया और रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम (डीपीएसयू) द्वारा स्थापित नए विनिर्माण सुविधा केंद्रों को राष्ट्र को समर्पित किया। इनमें भानुर इकाई में एक वॉरहेड फैसिलिटी तथा कंचनबाग इकाई में एक रेडियो फ्रीक्वेंसी (आरएफ) सीकर फैसिलिटी शामिल हैं।
शोधकर्ताओं, इंजीनियरों, तकनीविदों तथा बीडीएल के अन्य कार्मिकों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने इन विनिर्माण सुविधा केंद्रों के उद्घाटन को रक्षा क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के मार्ग को प्राप्त करने की दिशा में डीपीएसयू की प्रतिबद्धता का एक प्रमाण बताया। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड विजन की तर्ज पर विदेशी कंपनियों के सहयोग से स्वदेशी रूप से उत्पादों के विनिर्माण के द्वारा आत्मनिर्भरता हासिल करने की दिशा में एक सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए बीडीएल की भी सराहना की। उन्होंने अगले पांच वर्षों के लिए एक स्वदेशीकरण योजना तैयार करने तथा पहले दो वर्षों के टार्गेट को सफलतापूर्वक अर्जित करने के लिए कंपनी को बधाई दी।
रक्षा मंत्री ने कहा कि हमारी प्राथमिकता अपने सशस्त्र बलों को फिट, आधुनिक तथा विश्व स्तरीय बनाने की है; अग्निपथ स्कीम युवाओं और देश के हित में एक क्रांतिकारी सुधार है।