कछौना (हरदोई) – कोतवाली कछौना के अंतर्गत कस्बा कछौना निवासी एक शराबी कार चालक नगर में दुर्घटनाओं का कारण बना हुआ है l पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही ना किये जाने के कारण उसके हौसले बुलंद हैं और वह नशे में धुत होकर कार चलाते हुए आए दिन दुर्घटनाओं को अंजाम दे रहा है l इसी क्रम में उसने शुक्रवार रात एक बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार घायल हो गया l
मिली जानकारी के अनुसार श्रवण कुमार उर्फ छोटू पुत्र नन्दराम निवासी ग्राम धन्धार शुक्रवार रात लखनऊ-बालामऊ पैसेंजर ट्रेन द्वारा लखनऊ से बालामऊ पहुंचा और स्टैंड पर खड़ी अपनी मोटरसाइकिल UP32BU3241 पर बैठकर कस्बे के स्टेशन रोड से होते हुए अपने गांव जा रहा था l वह स्टेशन रोड पर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के पास से गुजर रहा था कि तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार अर्टीगा वीडीआई (UP32FU7964) ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी l टक्कर इतनी जोरदार थी की बाइक सवार युवक उछलकर दूर जा गिरा और उसकी बाइक कार की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गई l दुर्घटना के समय कार का चालक सत्येंद्र सिंह उर्फ सोनू पुत्र स्वर्गीय बाबू सिंह निवासी तिलक नगर कछौना और कार में सवार पिंटू शर्मा पुत्र फूलचंद्र शर्मा तथा पूर्व सभासद का भाई विशाल विश्वकर्मा उर्फ आशू नशे में धुत थे l घटना को अंजाम देने के बाद नशे में धुत कार चालक तेज रफ्तार में कार भगाकर मौके से फरार हो गया l बाइक सवार घायल युवक श्रवण कुमार ने घटना की सूचना डायल 100 पुलिस को दी l
सूचना मिलते ही तत्काल पहुंची डायल 100 पुलिस (UP32DG2750) ने घायल युवक और आसपास के लोगों से पूछताछ की l पूछताछ के दौरान घटनास्थल के आसपास मौजूद कुछ प्रत्यक्षदर्शी लोगों ने पुलिस को बताया कि कार चालक कार लेकर बस्ती की ओर भागा है l जिस पर डायल 100 पुलिस घायल युवक को अपनी गाड़ी में साथ बैठाकर बस्ती के मार्ग से गुजर रही थी कि तभी घायल युवक ने नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि विकास विश्वकर्मा के घर के पीछे खड़ी कार को देख कर इशारा किया कि यही वह कार है जिसने मेरी बाइक को टक्कर मारी थी l डायल 100 पुलिस ने कार के पास जाकर देखा तो कार में कोई नहीं था और कार का दायां हिस्सा छतिग्रस्त था जिससे यह साफ हो गया था कि यही वह कार है जिससे दुर्घटना हुई है l आसपास के लोगों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया की कार खड़ी करके नशे में धुत कार चालक सतेंद्र सिंह उर्फ सोनू फरार हो गया है l घटना की सूचना मिलते ही शराबी कार चालक के चाचा बसंत सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस से कार्यवाही ना करने का निवेदन किया l जिस पर डायल 100 पुलिस ने घायल युवक का इलाज और उसकी मोटरसाइकिल की मरम्मत कराने की सहमति बनने पर बिना कार्यवाही के प्रस्थान किया l
नशे में धुत कार चालक ने कुछ दिनों पूर्व पुलिस कांस्टेबल की बाइक को मारी थी टक्कर…
बताते चलें कि उक्त घटना के कुछ दिनों पूर्व 27 अगस्त की रात को कस्बे के मुख्य चौराहे पर इसी कार (UP32FU7964) ने कोतवाली कछौना के कांस्टेबल कल्पनाथ की बाइक को टक्कर मारी थी l जिसमें कांस्टेबल कल्पनाथ बाल-बाल बच गए थे l उस दौरान भी कार चालक सत्येंद्र सिंह उर्फ सोनू भरपूर नशे में धुत होकर कार चला रहा था और घटना को अंजाम देने के बाद कार लेकर भाग निकला था l कांस्टेबल कल्पनाथ ने कार का पीछा करके पिछली बार भी चेयरमैन प्रतिनिधि विकास विश्वकर्मा के घर के पीछे पकड़ा था l चेयरमैन प्रतिनिधि विकास विश्वकर्मा का संरक्षण प्राप्त होने के कारण उन्हीं की फोन पर सिफारिश करने पर पिछली बार भी बिना कार्यवाही के छोड़ दिया गया था l पुलिस द्वारा शराबी चालक पर प्रभावी कार्यवाही ना की जाने के कारण उसके हौसले बुलंद हैं और भविष्य में चालक द्वारा नशे में धुत होकर दुर्घटनाएं होने की संभावनाएं बनी हुई है।
रिपोर्ट ➖”एस.बी.सिंह सेंगऱ”