स्कूल में शराबियों और जुआरियों का राज, बच्चों ने छोड़ा स्कूल

             हरदोई के शाहाबाद में कांशीराम कालोनी का स्कूल शराबियों व जुआरियों का अड्डा बन गया है। इसके चलते बच्चों ने स्कूल जाना कम कर दिया है। ऐसे माहौल में अध्यापकों के साथ अभिभावक भी परेशान है। हालांकि एसपी का कहना है कि मामले में कार्यवाही की जा चुकी है और फिर से कार्यवाही की जाएगी।
            हरदोई के शाहाबाद के काशीराम कॉलोनी में एक सरकारी स्कूल संचालित है जो कक्षा आठ तक संचालित है। बीते कुछ समय से इस स्कूल परिसर को जुआरियों और शराबियों ने अपना अड्डा  बना रखा है। यहां के हालात हैरान कर देने वाले हैं। आलीशान स्कूल की बिल्डिंग होने के बावजूद भी वहां पर बच्चे पढ़ने नहीं आते हैं। वहाँ देखने पर देखा जा सकता है कि स्कूल की सीढ़ियों पर ताश के पत्ते बिखरे रहते हैं और स्कूल की छत पर खाली शराब की बोतलें कहानी बयाँ करती हैं। साफ है कि यहां पर स्कूल बंद होने के बाद शराबी शराब पीते हैं और जुआरी जुएं के फड़ सजाते है। हालांकि स्कूल में बाउंड्रीवॉल है लेकिन वह इतनी नीची है कि कोई भी आसानी से कूदकर स्कूल के अंदर जा सकता है। स्कूल में गेट भी नहीं है, जिसकी वजह से अराजक तत्व आसानी से स्कूल के अंदर प्रवेश कर जाते हैं। अराजकता से अभिभावक, अध्यापक सब परेशान है। प्रशासन ने मामले में कार्यवाही की बात कही है।