सीएम के सचिव पर लगे गम्भीर आरोप के तार कछौना से जुड़े

रैंसो के व्यक्ति से सण्डीला के युवक ने बैनामा कराकर बेंची थी अभिषेक को जमीन, डीएम एसडीएम समेत कई कर्मचारी लखनऊ हुए तलब

                उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रमुख सचिव एसपी गोयल पर 25 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाने वाले अभिषेक गुप्ता पर लखनऊ पुलिस ने आईपीसी की धारा 500 और 419 के तहत मुकदमा पंजीकृत करते हुए उसे हिरासत में लिया है। पुलिस अभिषेक से गुप्त ठिकाने पर पूछताछ कर रही है। अभिषेक गुप्ता नाम के शख्स ने सीएम और राज्यपाल को शिकायती ई-मेल भेजकर प्रमुख सचिव एसपी गोयल पर पेट्रोल पंप की जिस जमीन देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। वह जमीन ( जिस पर यह पेट्रोल पम्प बना है ) कछौना के कोतवाली इलाके के लखनऊ रोड के रैंसो में है। हमने उस जमीन पर जाकर ग्राउंड जीरो से रियलिटी चेक किया तो कई तथ्य निकल कर सामने आये। यहां प्रधान समेत कई लोगों ने बताया कि इस जमीन को बैनामा कराकर इस पर पेट्रोल पम्प बनाया जा रहा है जो कि अब किसी विवाद के चलते बन्द हो गया है।
                लखनऊ रोड पर स्थित यह पेट्रोल पंप की जमीन विवादों में घिर गई है जिसके चलते सीएम के प्रमुख सचिव एसपी गोयल पर आरोप लगे है। चूंकि मामला प्रदेश से जुड़ा है ऐसे में हरदोई एक बार फिर इसी जमीन को लेकर चर्चा में आ गया है। अब गांव के लोग भी हैरत में है कि उनका गांव कितना चर्चित हो गया है। गौरतलब है कि इस मामले में राज्यपाल ने सीएम योगी को 30 अप्रैल को पत्र भी लिखा और शिकायतकर्ता को परेशान करने और 25 लाख रुपये मांगने के मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मामले में प्रधान सचिव सूचना अवनीश अवस्थी का कहना है कि प्रमुख सचिव गोयल पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। प्रधान सचिव सूचना अवनीश अवस्थी ने कहा कि आरोप गलत लगाए गए हैं। ऐसी कोई बात नहीं हो सकती है।