मामा की पिटाई से नाराज नशे में धुत युवक ने मासूम से किया दुष्कर्म 

हरदोई– पाली में मामा की पिटाई से नाराज नशे में धुत युवक ने बीती रात मामा की इज्जत को तार-तार कर डाला। मासूम के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को हिरासत में ले लिया। 

पाली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति के बहन व बहनोई शाहजहांपुर जनपद के आल्हागंज थाना क्षेत्र के मऊ गांव में रहते थे। बहन-बहनोई की मौत हो चुकी है। भांजा रामू अक्सर मामा के यहां आता जाता रहता है। शनिवार रात लगभग आठ बजे रामू मामा के घर आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रामू नशे में धुत था। भोजन के बाद मामा और भांजे के बीच विवाद हो गया। इस दौरान मामा ने भांजे को पीट दिया। इसके बाद सभी लोग सो गए। देर रात रामू ने मामा की बेटी (10) के साथ दुष्कर्म किया। लगभग ढाई बजे आहट मिलने पर मामा जाग गया, तो उसने रामू को दुष्कर्म करते देखा। इस पर रामू को पकड़ लिया और यूपी 112 पर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया।  

प्रभारी निरीक्षक धीरज शुक्ला ने बताया कि बालिका के पिता की तहरीर पर रामू के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है।